सोनीपत : बहालगढ़ फ्लाई ओवर के पास गाड़ी पलटी, दो लोगों की मौत
सोनीपत : बहालगढ़ फ्लाई ओवर के पास गाड़ी पलटी, दो लोगों की मौत
सोनीपत (हरियाणा),28 अगस्त( भाषा) सोनीपत के बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास शनिवार को एक गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य युवक घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-तीन निवासी नवीन अपने छह दोस्तों के साथ दिल्ली से मुरथल के परांठे खाने के लिए जा रहे थे लेकिन शनिवार दोपहर बाद बहालगढ़ फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और लोहे की बाड़ से टकराकर पलटती हुई सर्विस लेन में चली गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में नवीन और उसके दोस्त बबलू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंकित ,पीयूष, राहुल, लोकेश और विकास गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं मृतक के परिजनों का आरोप है कि नवीन के गले की सोने की चेन और उसका मोबाइल गायब है। उन्होंने आशंका जताई है कि नवीन की गाड़ी में पीछे से टक्कर मारी गई है जिससे हादसा हुआ।
जांच अधिकारी प्रविन्द ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल भादंवि की धारा-174 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं. धीरज
धीरज

Facebook


