नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को कहा कि यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह से रवाना हुए वाणिज्यिक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हुए मिसाइल हमले में चार भारतीय नाविकों समेत कई लोगों की मौत से वह बेहद व्यथित हैं।
सोनोवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत ऐसे हमलों की कड़ी निंदा करता है जो निर्दोष नागरिक चालक दल के सदस्यों की जान जोखिम में डालते हैं और समुद्री नौवहन तथा व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा उत्पन्न करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘यूक्रेन के ओडेसा से रवाना हुए वाणिज्यिक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर मिसाइल हमले में चार बहादुर भारतीय नाविकों समेत कई लोगों की दुखद मौत से मैं बेहद व्यथित हूं। इस गहरे दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।’
डीजीएमए और आरपीएसएल के साथ मिलकर यूक्रेन में हमारा मिशन स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है, जरूरी जांच-पड़ताल कर रहा है और यह सुनिश्चित कर रहा है कि पीड़ित के परिजनों को प्राथमिकता के आधार पर हर तरह की मदद दी जाए।
सोनोवाल ने कहा, ‘मेरी प्रार्थनाएं इस समय अस्पताल में भर्ती घायल भारतीय नाविक के साथ भी हैं; मैं उसके जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करता हूं।’
यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले ‘एमवी गोल्डन लियो’ नामक जहाज पर रूसी क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया।
भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस पोत पर चालक दल के कुल 17 सदस्यों में से पांच भारतीय नागरिक थे।
भारत ने इस हमले की निंदा करते हुए दोहराया कि वाणिज्यिक पोतों को निशाना बनाना और निर्दोष नागरिक चालक दल के सदस्यों की जान जोखिम में डालना ‘‘निंदनीय है और इससे बचा जाना चाहिए।’’
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘ ‘एमवी गोल्डन लियो’ पर 19 जुलाई की शाम ओडेसा बंदरगाह से रवाना होते समय हमला हुआ। घटना के समय जहाज पर चालक दल के 17 सदस्य सवार थे जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे।’’
मंत्रालय ने कहा, ‘‘उपलब्ध जानकारी के अनुसार, चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है जबकि एक भारतीय नागरिक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।’’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश