कोलकाता, 19 जनवरी (भाषा) आसनसोल में एक विशेष सीबीआई अदालत ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय एजेंसी के अनुरोध पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अनुब्रत मंडल की न्यायिक हिरासत तीन फरवरी तक बढ़ा दी।
मंडल को पशु तस्करी मामले में पिछले साल अगस्त में गिरफ्तार किया गया था। मंडल के वकील ने अदालत में पेशी के दौरान उनकी जमानत के लिए अनुरोध नहीं किया।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत के न्यायाधीश ने जांच एजेंसी के अनुरोध पर टीएमसी के बीरभूम जिला अध्यक्ष की न्यायिक हिरासत तीन फरवरी तक बढ़ा दी। सीबीआई के जांच अधिकारी ने अदालत को जांच की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि इस सिलसिले में कई बैंक खातों की जांच की जा रही है।
जांच के संबंध में एजेंसी पहले ही बीरभूम जिला सहकारी बैंक की सूरी शाखा में कई खातों पर रोक लगा चुकी है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने चार जनवरी को मंडल की जमानत अर्जी इस आधार पर खारिज कर दी थी वह एक शक्तिशाली राजनीतिक पद पर बने हुए हैं और न केवल समाज में बल्कि राज्य प्रशासन पर भी उनका काफी प्रभाव है।
मंडल के वकील ने उच्च न्यायालय के समक्ष दावा किया था कि यह दिखाने के लिए कानूनी रूप से कोई स्वीकार्य सामग्री एकत्र नहीं की गई है कि वह अपराध में साजिशकर्ता थे और यह धारणा गलत है कि वह गवाहों को धमकाने तथा न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करेंगे।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश