मेघालय में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू
मेघालय में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू
शिलांग, 30 जून (भाषा) मेघालय में मंगलवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारियों ने घर-घर जाकर गणना फॉर्म बांटना शुरू कर दिया है। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के सभी मतदान क्षेत्रों में गणना प्रक्रिया शुरू हो गई है।
मतदाता सूचियों को अद्यतन करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ-स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर जाकर गणना फॉर्म बांटने और विधिवत भरे हुए फॉर्मों को वापस एकत्र करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
घर-घर जाकर किया जाने वाला यह सर्वेक्षण 29 जुलाई को समाप्त होगा, और मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रारूप पांच अगस्त को प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद, मतदाता और राजनीतिक दल पांच अगस्त से चार सितंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
जिला प्रशासनों ने निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से स्व-गणना फॉर्म ऑनलाइन जमा करने की सुविधा भी शुरू की है, और मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन भी स्थापित की हैं।
इसके साथ ही, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र मतदाता इस सत्यापन प्रक्रिया के दौरान फॉर्म छह जमा करके अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
भाषा तान्या माधव
माधव

Facebook


