नगालैंड में ‘गुड फ्राइडे’ पर विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन
नगालैंड में ‘गुड फ्राइडे’ पर विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन
कोहिमा, तीन अप्रैल (भाषा) नगालैंड में ‘गुड फ्राइडे’ के अवसर पर ईसाई श्रद्धालुओं ने प्रार्थना सभाओं और जुलूसों में भाग लेकर ईसा मसीह को सूली पर चढ़ाए जाने की घटना को याद किया।
राज्य के विभिन्न गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं, जहां श्रद्धालु एकत्र होकर प्रार्थना, स्तुति गीत और बाइबल पाठ में शामिल हुए और ईसा मसीह के बलिदान व कष्टों पर चिंतन किया।
कई श्रद्धालुओं ने ‘‘वे ऑफ द क्रॉस’’ जुलूस में भी भाग लिया, जिसमें प्रतीकात्मक रूप से ईसा मसीह को सूली पर चढ़ाए जाने से पहले की अंतिम यात्रा को दोहराया जाता है, जबकि कई लोगों ने उपवास रखा।
नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो और उपमुख्यमंत्री वाई. पैटन ने इस अवसर पर लोगों से बलिदान, आस्था और मोक्ष के मूल्यों पर चिंतन करने का आह्वान किया।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि लोग ईसा मसीह के जीवन से प्रेरणा लें और करुणा, साहस व एकता बरकरार रखें।
भाषा जोहेब शफीक
शफीक

Facebook


