देहरादून, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 28 अप्रैल को देहरादून में आहूत किया गया है। इस संबंध में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने बृहस्पतिवार को अधिसूचना जारी की।
अधिसूचना के अनुसार यह विशेष सत्र विशेष चर्चा के लिए बुलाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, संसद में महिलाओं के आरक्षण से संबंधित ‘नारी शक्ति वंदन’ संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्ष पर हमलावर है। ऐसे में राज्य सरकार इस सत्र के दौरान विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव ला सकती है।
भाजपा का आरोप है कि विपक्ष के गैरजिम्मेदाराना रवैये के कारण लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ नहीं हो सका।
भाषा
दीप्ति रवि कांत