गोवा विधानसभा में एसटी आरक्षण का मुद्दा जल्द से जल्द सुलझाया जाएगा: मुख्यमंत्री सावंत
गोवा विधानसभा में एसटी आरक्षण का मुद्दा जल्द से जल्द सुलझाया जाएगा: मुख्यमंत्री सावंत
पणजी, तीन अगस्त (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा कि राज्य विधानसभा में अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए राजनीतिक आरक्षण का मुद्दा ‘‘जल्द से जल्द’’ सुलझा लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री का यह बयान ‘यूनाइटेड ट्राइबल्स एसोसिएशन अलायंस’ (यूटीएए) की ओर से इस मुद्दे पर 13 अगस्त को प्रस्तावित विशाल प्रदर्शन से पहले आया है।
संगठन इस प्रदर्शन के समर्थन में राज्यभर में बैठकें कर रहा है।
सावंत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गोवा विधानसभा में अनुसूचित जनजातियों के लिए राजनीतिक आरक्षण का मुद्दा जल्द से जल्द सुलझा लिया जाएगा। मैंने पहले ही केंद्र सरकार से इस मामले पर शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया है। मैं इस मुद्दे के जल्द समाधान के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा हूं।’’
मुख्यमंत्री ने यह बात राज्य के कला और संस्कृति मंत्री एवं आदिवासी नेता रमेश तावडकर के साथ इस मुद्दे पर बैठक के बाद कही।
तावडकर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि यह मामला अगले 15 दिन से एक महीने के भीतर सुलझ जाएगा। मैं इस संबंध में अपनी पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व और केंद्र सरकार के साथ लगातार संपर्क में हूं।’’
गोवा विधानसभा की 40 में से चार सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित किए जाने का प्रस्ताव है।
राज्य में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


