पीएम श्री विद्यालयों में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर राज्य स्तरीय वेबिनार मंगलवार को

Ads

पीएम श्री विद्यालयों में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर राज्य स्तरीय वेबिनार मंगलवार को

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 07:40 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 07:40 PM IST

जयपुर, 13 जुलाई (भाषा) राजस्थान शिक्षा विभाग राज्य के पीएम श्री स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को राज्य स्तरीय वेबिनार आयोजित करेगा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में आयोजित होने वाले इस वेबिनार का उद्घाटन राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास करेंगे। इसमें ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश के 649 पीएम श्री स्कूलों के प्रधानाचार्य शामिल होंगे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, चयनित 14 स्कूलों के प्रधानाचार्य अपने-अपने संस्थानों में किए गए नवाचारों, बेहतर शैक्षणिक प्रक्रियाओं और उल्लेखनीय कार्यों पर प्रस्तुतीकरण देंगे।

वेबिनार में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण-अधिगम वातावरण तैयार करने, शैक्षणिक परिणामों में सुधार और पीएम श्री स्कूलों को उपलब्ध कराई जा रही धनराशि के पारदर्शी एवं प्रभावी उपयोग पर चर्चा की जाएगी।

इस दौरान सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्टता, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) आधारित शिक्षण, समुदाय की भागीदारी और कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के माध्यम से किए जा रहे नवाचारों पर भी विचार-विमर्श होगा।

बयान में कहा गया कि यह वेबिनार श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान, स्कूल प्रमुखों में नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा।

इस कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव, राज्य परियोजना निदेशक एवं समग्र शिक्षा आयुक्त रश्मि शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत

ताजा खबर