कर्नाटक में कार्यक्रम स्थल पर दीवार ढहने से छात्र की मौत, आयोजकों और भवन मालिक पर मामला दर्ज

Ads

कर्नाटक में कार्यक्रम स्थल पर दीवार ढहने से छात्र की मौत, आयोजकों और भवन मालिक पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 01:21 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 01:21 PM IST

मंगलुरु (कर्नाटक), 27 सितंबर (भाषा) कर्नाटक के मंगलुरु में शनिवार को एक कार्यक्रम स्थल पर दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए 16 वर्षीय छात्र की रविवार तड़के मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजकों और भवन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया।

मृतक की पहचान मंगलुरु निवासी मोहम्मद शमाज (16) के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे हाइलैंड अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था।

घटना में घायल हुए चार अन्य युवकों में मोहम्मद शनान अहमद (18), हनीफ (23), दाऊद फारसिन अहमद (18) और मोहम्मद शकील हुसैन (18) शामिल हैं। इन चारों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

यह घटना रामा लक्ष्मी नारायण सम्मेलन भवन में यंग डेमोक्रेट्स द्वारा आयोजित छात्र पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हुई। लोगों के गलियारे की बालकनी की दीवार से टिकने के बाद ढांचा ढह गया, जिससे कई छात्र ऊपरी मंजिल से नीचे गिर गए।

मृतक शमाज के पिता की शिकायत पर मंगलुरु दक्षिण पुलिस ने रविवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।

शहर के पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार रेड्डी ने कहा कि मामले की जांच कार्यक्रम के आयोजकों और आयोजन स्थल के मालिकों पर केंद्रित है। आयोजकों में दिनकर शेट्टी भी शामिल हैं।

इन पर सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन करने, संरचनात्मक खामियों और भीड़भाड़ से संबंधित लापरवाही बरतने का आरोप है।

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष