एटा में युवक ने संदिग्‍ध परिस्थितियों में गोली मारकर आत्‍महत्‍या की, पुलिस ने जांच शुरू की

Ads

एटा में युवक ने संदिग्‍ध परिस्थितियों में गोली मारकर आत्‍महत्‍या की, पुलिस ने जांच शुरू की

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 12:59 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 12:59 PM IST

एटा (उप्र), 27 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा जिले में कोतवाली नगर क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक ने घर के कमरे में कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्‍महत्‍या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार शनिवार की देर रात कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती स्वर्णपुर में आदित्‍य (24) ने गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े तो युवक को खून से लथपथ पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

सदर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संकल्प दीप कुशवाहा ने बताया कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर लेने की सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

उन्‍होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर प्रकरण के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और थाना स्तर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) धर्मेंद्र पवार ने बताया पुलिस युवक के इस कदम के पीछे की परिस्थितियों और कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ कर रही है। मौके से घटना में प्रयोग किया गया तमंचा भी बरामद किया गया है।

एसएचओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की संभावना है। पुलिस ने मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की है।

भाषा सं आनन्‍द रंजन

रंजन