छोटे-बड़े 800 शहरों में आयोजित होगा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम : कांग्रेस

Ads

छोटे-बड़े 800 शहरों में आयोजित होगा 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम : कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 07:36 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 07:36 PM IST

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) ने संसद के हालिया मानसून सत्र को विपक्ष के लिए सफल बताते हुए बुधवार को कहा कि शिक्षा और पेपर लीक मुद्दे पर सरकार पूरी तरह बैकफुट पर रही।

मुख्य विपक्षी दल की सर्वोच्च इकाई ने फैसला किया कि छात्रों के मुद्दों को लेकर पार्टी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को अब 800 छोटे-बड़े शहरों में आयोजित किया जायेगा, जिनमें कई कार्यक्रमों में राहुल गांधी भी शामिल होंगे।

कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के बाद पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा कि बैठक में करीब 88 लोग शामिल हुए और तीन-चार प्रमुख मुद्दों पर मुख्य रूप से चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि कार्य समिति का मानना है कि मानसून सत्र विपक्ष के लिए बहुत सफल रहा तथा शिक्षा के मुद्दे पर सरकार पूरी तरह बैकफुट पर रही।

वेणुगोपाल ने कहा कि पेपर लीक के मुद्दे पर विशेष रूप से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में 800 शहरों में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और कुछ कार्यक्रमों में राहुल गांधी भी भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि बैठक में राम मंदिर से ‘चंदा चोरी’ के मुद्दे पर भी चर्चा हुई और यह अब लोगों की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बन गया है।

वेणुगोपाल ने दावा किया कि ध्रुवीकरण के लिए राम मंदिर का इस्तेमाल करने वाले लोग अब पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटियों से इस मुद्दे पर प्रदर्शन करने को कहा गया है।

चीन की आक्रामकता का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि राष्ट्रभक्ति की बात करने वालों ने समर्पण कर दिया है।

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में विदेश नीति अब ‘समर्पण नीति’ बन गई है।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कार्य समिति की राय है कि महिला आरक्षण लोकसभा की 543 सीटों पर ही लागू होना चाहिए।

वेणुगोपाल के मुताबिक, कार्य समिति ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में पिछले दिनों कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सभा स्थल का कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ किए जाने की भी निंदा की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्य समिति ने इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से माफी मांगने की मांग की है।

भाषा हक अविनाश

अविनाश