शिमला, छह जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को दलाई लामा को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वह करुणा, अहिंसा और सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों के वैश्विक प्रतीक हैं।
दलाई लामा का जन्म छह जुलाई, 1935 को तिब्बत में अमदो इलाके के छोटे से गांव तक्तसेर में एक तिब्बती किसान परिवार में हुआ था।
यहां अपने एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘दलाई लामा का जीवन मानवता को प्रेम, सद्भाव और निस्वार्थ सेवा का रास्ता अपनाने के लिए प्रेरित करता रहता है, जबकि उनकी शिक्षाएं दुनिया भर के लाखों लोगों के लिए उम्मीद की किरण और नैतिक मार्गदर्शन का काम करती हैं।’’
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में दलाई लामा की उपस्थिति ने राज्य को आध्यात्मिकता और शांति के एक प्रमुख केंद्र के तौर पर वैश्विक पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा, ‘‘दया और मिल-जुलकर रहने का दलाई लामा का सदाबहार संदेश राज्य की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को समृद्ध करने वाला रहा है। इसने दुनिया भर के लोगों को प्रेरित किया है।’’
तिब्बती आध्यात्मिक नेता हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में रहते हैं।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश