छत्रपति संभाजीनगर, चार फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में लोहा के विधायक प्रताप चिखलीकर ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कार्यकर्ताओं की इच्छा के अनुरूप उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को पार्टी का नेतृत्व करना चाहिए।
विधायक नांदेड़ में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अस्थियों को विसर्जित करने से पहले मंगलवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पुणे जिला स्थित उनके गृहनगर बारामती में 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।
उन्होंने कहा, “उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को पार्टी प्रमुख बनना चाहिए। हम सभी ने उनसे राकांपा का नेतृत्व करने का अनुरोध किया है।”
मुंबई में हुई एक बैठक का जिक्र करते हुए राकांपा नेता ने कहा कि प्रफुल पटेल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और वहां मौजूद अन्य लोगों का मत था कि सुनेत्रा पवार को संगठन का प्रमुख बनाया जाए।
विधायक ने अजित पवार की मृत्यु के कुछ ही दिनों बाद सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री नियुक्त किये जाने के कदम का भी बचाव किया।
चिखलीकर ने कहा, “यह सच है कि फैसला जल्दबाजी में लिया गया। लेकिन अगर हमें परिवार की देखभाल करनी है, तो हमें नेतृत्व किसी को सौंपना ही होगा। सभी की भावनाओं का सम्मान करते हुए, उन्होंने यह जिम्मेदारी स्वीकार की।’’
भाषा यासिर संतोष
संतोष