बीएटीसी 2026: भारतीय पुरुष और महिला टीम विपरीत अंदाज में जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में

Ads

बीएटीसी 2026: भारतीय पुरुष और महिला टीम विपरीत अंदाज में जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 08:56 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 08:56 PM IST

किंगदाओ (चीन), चार फरवरी (भाषा) भारतीय पुरुष टीम ने सिंगापुर की कड़ी चुनौती से उबरते हुए जीत हासिल की, जबकि महिला टीम ने अपने शुरुआती ग्रुप चरण मैच में म्यांमार पर दबदबा बनाते हुए बुधवार को यहां बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप में क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।

भारत और सिंगापुर के बीच पुरुषों के ग्रुप सी का मुकाबला काफी रोमांचक रहा जिसमें दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने जिया वेई जोएल कोह के खिलाफ तीसरे पुरुष एकल में शानदार प्रदर्शन किया।

श्रीकांत ने 21-15, 21-16 से जीत हासिल की जिससे भारतीय पुरुष टीम ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की और अंतिम आठ में जगह पक्की कर ली क्योंकि सिंगापुर पहले ही जापान से अपना ग्रुप मैच 1-4 से हार गया था।

भारत के लिए मुकाबले की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं हुई क्योंकि लक्ष्य सेन को पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू ने 21-16, 19-21, 21-16 से हरा दिया।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने एंग कीट वेस्ले कोह और जुंसुके कुबो को 21-10, 21-8 से हराकर भारत को बराबरी दिलाई।

आयुष शेट्टी ने जिया हेंग जेसन तेह को 21-17, 21-15 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई।

पृथ्वी रॉय और के साई प्रतीक की दूसरी युगल जोड़ी को पहला गेम जीतने के बावजूद एनजे जू जी और डोनोवन विलैंड वी के खिलाफ 21-8, 21-23, 20-22 से शिकस्त झेलनी पड़ी जिससे मुकाबला 2-2 से बराबर हो गया।

इसका मतलब था कि श्रीकांत को कोह को हराने का रास्ता खोजना था और इस अनुभवी खिलाड़ी ने यह काम शानदार तरीके से किया।

महिलाओं के मैच में गत चैंपियन भारत को म्यांमार के खिलाफ कोई खास मेहनत नहीं करनी पड़ी जिसमें विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी शर्मा ने थेट हतार थुजार को 21-13, 21-16 से हराकर खाता खोला और फिर टीम ने बाकी बचे दो एकल और दोनों युगल मैच जीत लिए।

भारत अब बृहस्पतिवार को दूसरे ग्रुप मैच में थाईलैंड से भिड़ेगा जिससे ग्रुप विजेता का फैसला होगा।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता