सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 257.50 करोड़ रुपये की कमाई की

Ads

सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 257.50 करोड़ रुपये की कमाई की

  •  
  • Publish Date - January 31, 2026 / 02:56 PM IST,
    Updated On - January 31, 2026 / 02:56 PM IST

नयी दिल्ली, 31 जनवरी (भाषा) सनी देओल अभिनीत फिल्म ‘बॉर्डर 2’ सिनेमाघरों में अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने रिलीज के बाद महज आठ दिनों के भीतर घरेलू बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 250 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

निर्देशक अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई थी। यह वर्ष 1997 में आई फिल्म ‘बॉर्डर’ की अगली कड़ी है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं। सनी देओल फिल्म के पहले भाग का भी हिस्सा थे।

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिल्म ने 32.10 करोड़ रुपये की कमाई के साथ शानदार शुरुआत की थी। फिल्म ने पहले सप्ताह में 244.97 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि अब तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसकी कुल कमाई 257.50 करोड़ रुपये हो चुकी है।

इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने किया है। फिल्म में मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।

वर्ष 1997 में आई फिल्म ‘बॉर्डर’ 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान लोंगेवाला लड़ाई की घटनाओं पर आधारित थी। वहीं, इसकी अगली कड़ी ‘बॉर्डर 2’ भी उसी युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है।

भाषा प्रचेता सुरभि

सुरभि