डूसू के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सत्य निकेतन इमारत घटनास्थल का दौरा किया

Ads

डूसू के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सत्य निकेतन इमारत घटनास्थल का दौरा किया

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 07:02 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 07:02 PM IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने छह सितंबर को सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देने के लिए सोमवार को घटनास्थल का दौरा किया और अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की।

छात्र संघ चुनाव के परिणाम घोषित होने के दो दिन बाद डूसू अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव शाम करीब साढ़े चार बजे घटनास्थल पर पहुंचे।

एबीवीपी के एक बयान के अनुसार, छात्र प्रतिनिधियों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने का भी आग्रह किया।

यह दौरा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध एबीवीपी द्वारा डूसू चुनाव में ‘सेंट्रल पैनल’ के चार में से तीन पदों पर जीत हासिल करने के बाद किया गया। एबीवीपी ने इन चुनावों में अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की है।

एबीवीपी के उम्मीदवार यश डबास ने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के विजय शंकर मीणा को 2,053 मतों के अंतर से हराया। डबास को कुल 24,576 मत मिले।

एबीवीपी ने सचिव और संयुक्त सचिव पद भी अपने पास बरकरार रखे, जिन पर उसने 2025 में जीत दर्ज की थी।

सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना में दिल्ली विश्वविद्यालय के कई छात्रों की मौत हो गई थी, जिससे छात्रों की सुरक्षा और उनके रहने की जगह को लेकर चिंता बढ़ गई है।

घटनास्थल के दौरे पर, नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने जवाबदेही का मुद्दा भी उठाया और ऐसी घटनाओं को फिर से होने से रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की।

भाषा प्रचेता सुभाष

सुभाष