बंगाल को घुसपैठियों का सुरक्षित ठिकाना बनने से रोकने के लिए मदरसों का सर्वेक्षण जरूरी: अग्निमित्रा

Ads

बंगाल को घुसपैठियों का सुरक्षित ठिकाना बनने से रोकने के लिए मदरसों का सर्वेक्षण जरूरी: अग्निमित्रा

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 10:16 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 10:16 PM IST

सिलीगुड़ी, सात जून (भाषा) पश्चिम बंगाल की कैबिनेट मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने मदरसों के सर्वेक्षण का बचाव करते हुए रविवार को कहा कि कवायद यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है कि राज्य आतंकवादियों और घुसपैठियों के लिए ‘‘सुरक्षित ठिकाना’’ न बन जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम छात्रों को आधुनिक शिक्षा के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ा जाना चाहिए।

पॉल ने आरोप लगाया कि राज्य में रोहिंग्या और घुसपैठियों के प्रवेश को पिछले 15 वर्षों के तृणमूल कांग्रेस शासन और उससे पहले 34 वर्षों तक सत्ता में रहे वाम मोर्चा शासन के दौरान बढ़ावा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पिछले 49 वर्षों में हमने देखा है कि कैसे रोहिंग्या और घुसपैठियों को प्रोत्साहित किया गया और राज्य में लाया गया।’’

मंत्री ने मदरसों में आधुनिक शिक्षा की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि मुस्लिम बच्चे राज्य के विकास में भागीदार बनें। पॉल ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि मुस्लिम बच्चे भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में विकास की दिशा में हमारे द्वारा उठाए जा रहे कदमों का हिस्सा बनें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि मदरसों में आधुनिक शिक्षा दी जाए। मुस्लिम बच्चे, चाहे वे लड़कियां हों या लड़के, डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस अधिकारी, वैज्ञानिक और आईएफएस अधिकारी बनें। हम चाहते हैं कि वे उस टीम का हिस्सा बनें जो बंगाल और भारत को आगे ले जाएगी।’’

पॉल ने विपक्षी ‘इंडिया’ पर भी तीखा हमला करते हुए दावा किया कि गठबंधन अपनी प्रासंगिकता खो चुका है और इसके घटक दल बुरी तरह विभाजित हैं।

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत