शुभेंदु ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर 125 फुट की प्रतिमा, स्मारक बनाने की घोषणा की

Ads

शुभेंदु ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर 125 फुट की प्रतिमा, स्मारक बनाने की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 10:20 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 10:20 PM IST

कोलकाता, सात जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर उनके सम्मान में 125 फुट ऊंची प्रतिमा, एक स्मारक और एक पुस्तकालय बनाने सहित उनकी याद में कई पहलों की रविवार को घोषणा की।

शुभेंदु ने दमदम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने स्मृति योजना के तहत इन परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुखर्जी को सम्मानित करने के लिए खरीदी गई जमीन पर 125 फुट ऊंची प्रतिमा, एक स्मारक और एक पुस्तकालय बनाया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि 1947 में विभाजन के दौरान भारतीय संघ के भीतर पश्चिम बंगाल के गठन में मुखर्जी और स्वामी प्रणवानंद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने उनके योगदान को कम करके दिखाने की कोशिश की।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल के निर्माण का इतिहास और इसमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा स्वामी प्रणवानंद की भूमिका को भुलाया नहीं जा सकता।’’

उन्होंने यह भी घोषणा की कि 20 जून को पश्चिम बंगाल दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इससे पहले राज्य का स्थापना दिवस पोइला बैसाख पर मनाया जाता था।

शुभेंदु ने ‘नव निर्माण’ के अपनी सरकार के व्यापक दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए दावा किया कि ‘‘वाम मोर्चे के 34 साल के शासन और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन’’ के बाद राज्य पिछड़ गया है। उन्होंने राज्य के पुनर्निर्माण में लोगों की भागीदारी का आह्वान किया।

उन्होंने घोषणा की कि लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाने में मदद के लिए 15, 16 और 17 जून को हर ब्लॉक और नगर निकाय में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य 21 जून को पहली बार आधिकारिक रूप से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कोलकाता में मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। स्थानीय नेताओं को आयुष मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुरूप अपने-अपने क्षेत्रों में योग कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।

बिधाननगर में निकाय प्रशासन का जिक्र करते हुए शुभेंदु ने कहा कि अस्थायी व्यवस्था के तहत नगर निगम का प्रशासक एक अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट को नियुक्त किया गया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अगले निकाय चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करने का आग्रह किया।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका राजनीतिक प्रभाव लगातार कम हो रहा है।

भाषा

सिम्मी सुरेश

सुरेश