तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने स्कूली विद्यार्थियों के लिए नाश्ता योजना का विस्तार किया

Ads

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने स्कूली विद्यार्थियों के लिए नाश्ता योजना का विस्तार किया

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 11:33 AM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 11:33 AM IST

चेन्नई, 22 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मंगलवार को यहां स्कूली विद्यार्थियों के लिए नाश्ता योजना का विस्तार किया।

विजय ने तिरुवनमियूर के गांधी ग्रामम स्थित सरकारी माध्यमिक स्कूल में इस योजना के विस्तार की शुरुआत की और विद्यार्थियों को भोजन परोसा तथा उनके साथ बैठकर खाना भी खाया।

इसके बाद उन्होंने कक्षाओं का दौरा किया और विद्यार्थियों से बातचीत की।

अधिकारियों ने बताया कि अब सरकारी और सरकार से सहायता प्राप्त 15,454 विद्यालयों में छठी से आठवीं कक्षा तक के करीब 15.30 लाख अतिरिक्त विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज के सम्मान में उनके नाम पर शुरू की गई पेरुंथलैवर कामराज नाश्ता योजना के विस्तार की शुरुआत छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को शामिल करने के साथ की गई है। यह विद्यार्थियों के पोषण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे दिन की शुरुआत स्वस्थ आहार से करें।

चालू वित्त वर्ष में योजना के विस्तार के लिए 217.63 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि आवंटित की गई है। इसके साथ ही इस कार्यक्रम का कुल बजट बढ़कर 724 करोड़ रुपये हो गया है।

इस योजना का विस्तार मूल रूप से 17 सितंबर को किया जाना था, लेकिन निवेश के लिए विजय की आधिकारिक लंदन यात्रा के मद्देनजर इसे स्थगित कर दिया गया था।

मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनावों के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण चेंगलपट्टू और तिरुप्पुर जिलों में इसे लागू नहीं किया जाएगा।

योजना के तहत उपमा, खिचड़ी और पोंगल जैसे पौष्टिक पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। इसमें सप्ताह में दो बार मोटे अनाज से बने व्यंजन भी शामिल किए जाएंगे।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, वृहद चेन्नई निगम 447 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में अपनी एकीकृत रसोई के माध्यम से इस योजना को लागू करेगा।

नगर प्रशासन निदेशालय अन्य नगर निगमों, नगरपालिकाओं और उनसे सटे टाउनशिप क्षेत्रों के 2,150 सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में एकीकृत रसोई के माध्यम से इस कार्यक्रम को संचालित करेगा। वहीं, तमिलनाडु महिला विकास निगम ग्रामीण क्षेत्रों, टाउनशिप क्षेत्रों और उनसे सटे ग्रामीण इलाकों के 12,857 सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में इसे लागू करेगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘संबंधित विद्यालयों में स्वयं सहायता समूहों के सदस्य नाश्ता तैयार करेंगे और विद्यार्थियों को परोसेंगे। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, पोषण, स्कूल में उपस्थिति और सीखने के पहलुओं को एकीकृत करते हुए स्कूल शिक्षा की नींव को और मजबूत करने के लिए इस योजना का विस्तार किया जा रहा है।’’

भाषा

गोला सिम्मी

सिम्मी