तेलंगाना के सरकारी अस्पताल में आग लगने से दो शिशुओं की मौत

Ads

तेलंगाना के सरकारी अस्पताल में आग लगने से दो शिशुओं की मौत

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 11:04 AM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 11:04 AM IST

हैदराबाद, 22 सितंबर (भाषा) तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में राजीव गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में आग लगने से दो शिशुओं की मौत हो गई जबकि दो अन्य की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर रात एसी यूनिट में विस्फोट के बाद आग लग गई।

एसएनसीयू में उपचार करा रहे 27 शिशुओं में से समय से पूर्व जन्मे एक बच्चे की शुरुआत में ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य की मंगलवार तड़के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, 25 शिशुओं को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि इनमें से दो शिशुओं की हालत गंभीर है और सभी नवजातों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि आग लगने के कारण समेत घटना का सटीक विवरण जांच के बाद ही सामने आएगा।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि किसी खराबी के कारण एयर कंडीशनर में विस्फोट होने की आशंका है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राज्य सरकार द्वारा संचालित रिम्स में हुई इस घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को उपचार करा रहे शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों को घटना की जांच कर रिपोर्ट सौंपने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया।

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी