तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने ईडी के दस्तावेजों के हवाले से द्रमुक पर निशाना साधा
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने ईडी के दस्तावेजों के हवाले से द्रमुक पर निशाना साधा
चेन्नई, सात सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर निशाना साधते हुए उसके शासनकाल में गंभीर और संगठित भ्रष्टाचार तथा ‘पार्टी के लिए धन’ जुटाने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दस्तावेजों का हवाला देते हुए पूर्ववर्ती द्रमुक सरकार के दौरान नगर प्रशासन विभाग और राज्य संचालित शराब कंपनी टीएएसएमएसी में हुए कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों का उल्लेख किया।
विजय ने आधिकारिक दस्तावेजों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसी के दस्तावेजों में पूर्व मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि के नाम कथित तौर पर ‘पार्टी के लिए जुटाई गई’ रकम के ‘‘लाभार्थियों’’ के रूप में दर्ज हैं।
मुख्यमंत्री ने टीएएसएमएसी में कथित भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व आबकारी मंत्री वी. सेंथिल बालाजी और उनके भाई अशोक का भी नाम लिया।
विजय ने केंद्रीय एजेंसी के दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा, “खोटी नीयत, यह द्रमुक की कितनी बड़ी उपलब्धि है।”
इन आरोपों के बाद सदन में भारी हंगामा हुआ और मुख्य विपक्षी दल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के बयान का कड़ा विरोध किया।
द्रमुक विधायक विधानसभा अध्यक्ष जे. सी. डी. प्रभाकर के आसन के निकट पहुंच गए और नारेबाजी की।
विजय ने शुरुआत में 1970 के दशक की सरकारिया आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए एम. करुणानिधि नीत तत्कालीन द्रमुक सरकार के दौरान ‘‘निविदाओं में 2.5 प्रतिशत भ्रष्टाचार’’ के आरोप लगाए।
उन्होंने टीएएसएमएसी में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में ईडी द्वारा ‘करूर गिरोह’ के संदर्भ का हवाला देते हुए कहा कि अवैध गतिविधियां भी संगठित तरीके से की गईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक शासन के दौरान “यह वैज्ञानिक तरीके से किया गया भ्रष्टाचार था।”
उन्होंने कहा कि जब केवल दो विभागों से जुड़ी फाइलें खोली गईं तो इतनी बातें सामने आ रही हैं, ऐसे में अगर मामले की और गहराई से जांच की जाए तो क्या-क्या सामने आएगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


