दंपत्तियों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहन दे सकती है तमिलनाडु सरकार: मंत्री
दंपत्तियों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहन दे सकती है तमिलनाडु सरकार: मंत्री
चेन्नई, नौ अगस्त (भाषा) तमिलनाडु में घटती कुल प्रजनन दर पर चिंता जताते हुए स्वास्थ्य मंत्री के. जी. अरुणराज ने रविवार को संकेत दिया कि बढ़ती बुजुर्ग आबादी से संबंधित चुनौतियों से निपटने के लिए राज्य सरकार दंपतियों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहन देने पर विचार कर सकती है।
दक्षिण भारत प्रसूति एवं स्त्री रोग सोसायटी की अर्ध वार्षिक कार्यशाला को संबोधित करते हुए अरुणराज ने कहा कि राज्य की कुल प्रजनन दर गिरकर 1.4 से भी नीचे चली गई है, जबकि जनसंख्या को स्थिर बनाए रखने के लिए यह दर 2.1 होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य की करीब 16 प्रतिशत आबादी 60 वर्ष से अधिक उम्र की है और यह जनसांख्यिकीय बदलाव सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती है।
मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु घटती जन्म दर और दीर्घकाल में पड़ने वाले इसके जनसांख्यिकीय प्रभावों को देखते हुए पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश जैसी नीतियों पर विचार कर सकता है। आंध्र प्रदेश में तीसरे बच्चे के लिए दंपतियों को प्रोत्साहन दिया जाता है।
उन्होंने कहा, “हमें बताया गया है कि आंध्र प्रदेश जैसे स्थानों में ऐसी सरकारी योजनाएं हैं, जिनके तहत दंपतियों को तीसरा बच्चा पैदा करने के लिए प्रोत्साहन दिया जाता है। इसलिए भविष्य में यहां भी निश्चित रूप से ऐसी चीजें (योजनाएं) हो सकती हैं।”
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


