मंडपम शिविर में श्रीलंकाई तमिल शरणार्थियों को दिन में तीन बार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराएगी तमिलनाडु सरकार

Ads

मंडपम शिविर में श्रीलंकाई तमिल शरणार्थियों को दिन में तीन बार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराएगी तमिलनाडु सरकार

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 12:09 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 12:09 PM IST

चेन्नई, 27 जून (भाषा) तमिलनाडु सरकार ने श्रीलंका के आर्थिक संकट के कारण भारत आए श्रीलंकाई तमिल शरणार्थियों को रामनाथपुरम जिले के मंडपम शरणार्थी शिविर में दिन में तीन बार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की योजना बनाई है।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शरणार्थियों को सुबह, दोपहर और रात तीनों समय भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

वर्तमान में राज्य सरकार का पुनर्वास विभाग शिविरों में रह रहे श्रीलंकाई तमिलों के कल्याण के लिए विभिन्न प्रकार की शिविर प्रबंधन सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।

इसके अलावा, विस्थापित परिवारों को सम्मानजनक, सुरक्षित और स्थिर जीवन उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत पुनर्वास विभाग शरणार्थी शिविरों में रहने वाले श्रीलंकाई तमिलों को आवास संबंधी सुविधाएं भी प्रदान कर रहा है।

नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हाल ही में आए श्रीलंकाई तमिलों को पर्याप्त भोजन नहीं मिलने की खबरें सामने आने के बाद सरकार ने शिविर में रसोई स्थापित कर दिन में तीन बार भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है और कैटरिंग सेवा के लिए निविदा भी जारी कर दी गई है।

अधिकारी के अनुसार, सुबह का नाश्ता 7:30 बजे, दोपहर का भोजन 1:30 बजे और रात का भोजन 7:30 बजे परोसा जाएगा।

बच्चों के लिए सुबह के नाश्ते में दूध, बिस्कुट, इडली, डोसा, अंडा, चना, मटर और पूरी जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल किए जाएंगे।

भाषा शोभना रंजन

रंजन