तमिलनाडु: सरकार गठन के लिए वीसीके आज टीवीके को दे सकती है समर्थन

Ads

तमिलनाडु: सरकार गठन के लिए वीसीके आज टीवीके को दे सकती है समर्थन

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 12:30 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 12:30 PM IST

चेन्नई, नौ मई (भाषा) वामपंथी दलों के पुराने सहयोगी विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) शनिवार को विजय के नेतृत्व वाली पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कषगम’ (टीवीके) को औपचारिक समर्थन देने की घोषणा कर सकती है।

वीसीके के प्रमुख टी. थिरुमावलवन ने पहले ही घोषणा कर दी है कि उनकी पार्टी का निर्णय वामपंथी दलों के फैसले के अनुरूप होगा। वाम दलों ने पहले ही सरकार गठन के लिए टीवीके को अपना समर्थन देने का एलान कर दिया है।

टीवीके के मनोनीत विधायक मैरी विल्सन ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेता विजय जल्द ही मुख्यमंत्री बनेंगे।

पार्टी संस्थापक के करीबी सहयोगी और वीसीके नेता वन्नियारासु ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वीसीके सत्ता में हिस्सेदारी पाने को इच्छुक है, और टीवीके ऐसा करने को तैयार है।

टीवीके अध्यक्ष विजय, सरकार गठन के संबंध में वीसीके प्रमुख थिरुमलावन से मुलाकात करने की उम्मीद है। विजय ने इस संबंध में शुक्रवार को यहां वाम दलों के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी।

इस संभावित बैठक से पहले यहां अशोक नगर स्थित वीसीके कार्यालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में पहली जीत दर्ज करने के बाद टीवीके ने सरकार गठन के लिए समर्थन जुटाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके लिए पार्टी ने कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और वीसीके सहित द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के सहयोगी दलों से संपर्क किया है।

टीवीके ने चुनाव में 108 सीटों पर एतिहासिक जीत दर्ज की। हालांकि, पार्टी बहुमत के आंकड़े से 10 सीट कम रह गयी। तमिलनाडु की 234-सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास पांच सीटें हैं, जबकि अन्य तीन दलों के दो-दो विधायक हैं।

भाषा

प्रचेता सुरेश

सुरेश