मान-केजरीवाल के ‘इशारे’ पर बिट्टू को निशाना बनाना ‘आप’ की ‘घबराहट’ को दर्शाता है: भाजपा

मान-केजरीवाल के ‘इशारे’ पर बिट्टू को निशाना बनाना ‘आप’ की ‘घबराहट’ को दर्शाता है: भाजपा

मान-केजरीवाल के ‘इशारे’ पर बिट्टू को निशाना बनाना ‘आप’ की ‘घबराहट’ को दर्शाता है: भाजपा
Modified Date: September 18, 2026 / 08:46 pm IST
Published Date: September 18, 2026 8:46 pm IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पठानकोट में अपने नेता रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर ‘‘कायरतापूर्ण’’ हमले के लिए शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि इस घटना को उन्हीं के इशारे पर अंजाम दिया गया।

भाजपा ने कहा कि यह आप सरकार की घबराहट की ‘‘सबसे गंदी अभिव्यक्ति’’ है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने दावा किया कि पंजाब में बटाला के पास आप कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर तब हमला किया, जब वह अपनी पार्टी की नशा विरोधी यात्रा में शामिल होने पठानकोट जा रहे थे।

उन्होंने दावा किया कि 100 से अधिक आप कार्यकर्ताओं ने काफिले को निशाना बनाया और पत्थर तथा अंडे फेंके।

भाजपा के राज्यसभा सदस्य तरुण चुग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आप सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में कानून का डर पूरी तरह खत्म हो गया है और खुले तौर पर ‘‘माफिया राज’’ का बोलबाला है।

उन्होंने कहा, ‘‘पठानकोट में भाजपा नेता रवनीत बिट्टू के काफिले पर हुआ यह कायरतापूर्ण हमला गुरु-द्रोही भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के इशारे पर किया गया। यह आप की घबराहट, हताशा और तानाशाही प्रवृत्ति की सबसे ‘गंदी अभिव्यक्ति’ है। आज पंजाब में कानून का डर पूरी तरह खत्म हो गया है और खुले तौर पर ‘माफिया राज’ का बोलबाला है।”

चुग ने आरोप लगाया कि राज्य की कानून-व्यवस्था संभालने में नाकाम पंजाब की सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने के लिए ‘‘घटिया हथकंडों और गुंडागर्दी’’ का सहारा ले रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी मान और आप पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग वर्तमान में सत्ता के पदों पर बैठे हैं और ‘‘सत्ता के नशे में चूर’’ हैं, उन्हें जल्द ही पंजाब की जनता सबक सिखाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस पार्टी ने राज्य के युवाओं को ‘‘नशे की लत के अंधेरे गर्त’’ में धकेल दिया है।

भाषा संतोष माधव नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में