दिल्ली में चाय विक्रेता फर्जी केवाईसी घोटाले में 90,000 रुपये का शिकार; तीन मुखबिर गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में चाय विक्रेता फर्जी केवाईसी घोटाले में 90,000 रुपये का शिकार; तीन मुखबिर गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 01:39 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 01:39 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया है और हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश से तीन प्रमुख गुर्गों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह बैंक खाता किट, सिम कार्ड और एटीएम क्रेडेंशियल उपलब्ध कराकर धोखाधड़ी से कमाए गए पैसे को स्थानांतरित करने का काम करता है।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई तब हुई जब दक्षिण पटेल नगर के एक चाय विक्रेता को कथित तौर पर एक डिजिटल भुगतान एप्लिकेशन के कर्मचारी के रूप में पेश आए एक व्यक्ति ने उसके मोबाइल फोन पर केवाईसी अपडेट करने के बहाने 90,000 रुपये का चूना लगा दिया।

पुलिस के अनुसार, जालसाज शिकायतकर्ता की चाय की दुकान पर गया। डिजिटल पेमेंट ऐप की सेटिंग्स और केवाईसी औपचारिकताओं में सहायता करने का बहाना बनाकर उसने शिकायतकर्ता के मोबाइल तक पहुंच प्राप्त की और उसके बैंक खाते से 90,000 रुपये निकाल लिए।

पुलिस ने बताया कि 15 मई को मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान एक बैंक खाता सामने आया, जिसका कथित तौर पर साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि को स्थानांतरित करने में इस्तेमाल किया गया था।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने हरियाणा के पंचकुला निवासी विशेष सिंह की पहचान लाभार्थी खाताधारक के रूप में की है, जो कथित तौर पर साइबर धोखाधड़ी गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाता किट और सिम कार्ड उपलब्ध कराने में शामिल था।

पुलिस ने बताया कि आगे की जांच में एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क के अस्तित्व का पता चला है जो विभिन्न राज्यों में सक्रिय साइबर धोखाधड़ी गिरोहों के लिए बैंक खाते, एटीएम कार्ड और पंजीकृत सिम कार्ड प्राप्त करने और प्रसारित करने में लगा हुआ था।

तकनीकी इनपुट और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर, पुलिस ने पंजाब के मोहाली जिले के पंचकुला और जीरकपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की और 19 मई को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए जिनका कथित तौर पर संचार में और साइबर धोखाधड़ी गतिविधियों से जुड़े बैंक खाता विवरणों के प्रसार में इस्तेमाल किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से जुड़े कई मोबाइल नंबर, लाभार्थी बैंक खाते और सोशल मीडिया हैंडल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज अन्य साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों से जुड़े होने का संदेह है।

पुलिस ने पंचकुल निवासी 22 वर्षीय विशेष सिंह और 22 वर्षीय सचिन मौर्य तथा हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के निवासी 27 वर्षीय आशीष शर्मा को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की पहचान करने, ठगी गई रकम का पता लगाने और अन्य अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोहों से संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या रंजन

रंजन