दिल्ली में बाइक टैक्सी से गिरी शिक्षिका की ट्रक की चपेट में आने से मौत
दिल्ली में बाइक टैक्सी से गिरी शिक्षिका की ट्रक की चपेट में आने से मौत
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह स्कूल जा रही 46 वर्षीय शिक्षिका की रोहिणी इलाके के कंझावला रोड पर बाइक टैक्सी से कथित रूप से गिरने के बाद एक ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पीड़िता की पहचान रामा विहार निवासी प्रियंका के तौर पर हुई है जो मंगोलपुरी में के-ब्लॉक के दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) स्कूल में तैनात थी।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह एक सड़क हादसे की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को दी गई जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची। बजरी लदे ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत हुई।
पुलिस ने कहा कि जब तक टीम मौके पर पहुंची, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का अपराध दल ने निरीक्षण किया और मौके से सबूत इकट्ठा किए। साथ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 ( लापरवाही से वाहन चलाना) और 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने ट्रक के मालिक से संपर्क किया है और आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं जो फिलहाल फरार है।
पुलिस ने कहा कि बाइक टैक्सी चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश

Facebook


