देहरादून, 30 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड में देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में विवाह के आठ माह बाद एक शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने राज्य सचिवालय में तैनात उसके पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका सृष्टि कंडारी की मां की तहरीर के आधार पर उसके पति सौरभ खत्री, सास और ननद के खिलाफ डोईवाला थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से ही सृष्टि को दहेज की मांग और अन्य बातों को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत के अनुसार, उसे ‘मनहूस’ कहकर भी अपमानित किया जाता था।
सृष्टि की मां ने अपनी शिकायत में ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि 29 जुलाई को हुई उसकी मृत्यु की सूचना भी उन्हें ससुराल वालों ने नहीं दी।
पुलिस के मुताबिक, सृष्टि कंडारी टिहरी जिले के एक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। उनका विवाह पिछले वर्ष नवंबर में हुआ था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा
दीप्ति रवि कांत