फरीदाबाद, 21 अगस्त (भाषा) फरीदाबाद के एसी नगर स्थित एक मकान में 14 वर्षीय किशोर का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
किशोर के परिजनों ने राजू नाम के एक व्यक्ति पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है और मौत की परिस्थितियों की गहन जांच की मांग की है। शिकायत के बाद कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, सोनू अपनी पत्नी ममता और दो बेटों के साथ यहां रह रहे हैं। सोनू पेशे से चालक हैं जबकि ममता घरेलू सहायिका के रूप में काम करती हैं। घटना के दिन दोनों पति-पत्नी काम पर गए हुए थे और उनके दोनों बेटे घर पर थे। शाम को जब वे लौटे तो उन्होंने अपने छोटे बेटे तरुण का शव कमरे में फंदे से लटका पाया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, परिजनों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले तरुण का एक अन्य लड़के के साथ झगड़ा हुआ था और उन्हें संदेह है कि उस लड़के का पिता ही उनके बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार है।
कोतवाली थाने के प्रभारी (एसएचओ) निरीक्षक मंजीत सिंह ने बताया, ‘प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। मौत के कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।’
चिकित्सकों के एक बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश