गुरुग्राम के सेक्टर 84 में बास्केटबॉल खंभा गिरने से युवक घायल, जांच जारी
गुरुग्राम के सेक्टर 84 में बास्केटबॉल खंभा गिरने से युवक घायल, जांच जारी
गुरुग्राम (हरियाणा), 21 जुलाई (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर-84 में एक आवासीय सोसायटी के बास्केटबॉल मैदान में अभ्यास के दौरान अचानक बास्केटबॉल का खंभा गिर जाने से 22 वर्षीय एक युवक बुरी तरह घायल हो गया। एक स्थानीय व्यक्ति ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस व्यक्ति ने बताया कि हादसे के समय दो अन्य खिलाड़ी किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहे, लेकिन चिकित्सक का बेटा कार्तिक खंभे की चपेट में आ गया। वहां मौजूद अन्य खिलाड़ियों और लोगों ने खंभे के नीचे दबे कार्तिक को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
इस व्यक्ति के अनुसार, चिकित्सकों ने बताया है कि उसकी पीठ में गंभीर चोट आई है और उनकी रीढ़ की हड्डी में ‘फ्रैक्चर’ हुआ है।
यह राज्य में इस तरह की तीसरी घटना है। इससे पहले रोहतक में हार्दिक नामक राष्ट्रीय स्तर के एक खिलाड़ी की 750 किलोग्राम वजनी बास्केटबॉल पोल गिरने से मौत हो गई थी। झज्जर के बहादुरगढ़ में भी इसी तरह की एक घटना में एक अन्य खिलाड़ी की मौत हो गई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है यह हादसा सोमवार शाम करीब 7.15 बजे उस समय हुआ, जब सोसाइटी के बच्चे बास्केटबॉल कोर्ट में खेल रहे थे। खेल के दौरान अचानक लोहे का खंभा उखड़कर कार्तिक पर आ गिरा, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
चीख-पुकार सुनकर सोसाइटी के सुरक्षा कर्मी और आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
लोगों बताया कि कार्तिक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका आपातकालीन वार्ड में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में उसकी पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं और रीढ़ की हड्डी में तीन अलग-अलग स्थानों पर ‘फ्रैक्चर’ हुआ है। हालांकि उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
घटना के बाद सोसायटी के निवासी प्रबंधन और रखरखाव एजेंसी के खिलाफ आक्रोशित हैं। उनका आरोप है कि बास्केटबॉल कोर्ट में लोहे का खंभा लंबे समय से जंग लगा हुआ और अत्यधिक जर्जर अवस्था में था।
उन्होंने आरोप लगाया कि खंभे को जमीन में कंक्रीट के सहारे ठीक से नहीं लगाया गया था, जिसके कारण वह एक ओर झुका हुआ था।
लोगोंका कहना है कि उन्होंने खंभे की खराब स्थिति को लेकर कई बार सोसाइटी प्रबंधन से शिकायत की थी, लेकिन प्रबंधन ने इसे नजरअंदाज किया और कोई कार्रवाई नहीं की।
उनके अनुसार, यह घटना प्रबंधन की घोर लापरवाही का परिणाम है।
पीड़ित परिवार और सोसायटी के निवासियों ने स्थानीय पुलिस में शिकायत देकर प्रबंधन और रखरखाव टीम के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
खेड़की दौला थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने कहा, ‘शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों का सत्यापन करने के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। घायल युवक की हालत स्थिर है और वह अस्पताल में भर्ती है। मामले की जांच जारी है।’
भाषा
शुभम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


