तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष रामचंद्र राव को किसानों से मिलने जाने से रोका
तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष रामचंद्र राव को किसानों से मिलने जाने से रोका
हैदराबाद, 22 सितंबर (भाषा) तेलंगाना के जोगुलाम्बा गडवाल जिले में कृष्णा नदी पर बने जुराला बांध से सिंचाई का पानी छोड़ने की मांग कर रहे किसानों से मिलने जा रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव को मंगलवार को रास्ते में रोक लिया गया।
पुलिस ने उन्हें जडचर्ला के पास रोककर एहतियातन हिरासत में ले लिया।
जडचर्ला में पत्रकारों से बात करते हुए राव ने फसलें सूखने के बावजूद पानी न छोड़ने पर कांग्रेस सरकार की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि ‘अल नीनो’ के प्रभाव से कम बारिश के कारण सरकार को किसानों को धान जैसी अधिक पानी मांगने वाली फसलों की बुवाई न करने की सलाह देनी चाहिए थी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बढ़ती फसल को पानी न देना अन्यायपूर्ण है।
भाजपा नेता ने मांग की कि राज्य सरकार या तो केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ लागू करे या फिर चुनाव पूर्व किए गए अपने वादे के अनुसार राज्य की अपनी फसल बीमा योजना शुरू करे।
राव ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू होती तो किसानों को इतना नुकसान नहीं झेलना पड़ता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा जुराला परियोजना से पानी छोड़ने की मांग कर रहे किसानों के साथ खड़ी रहेगी।
इस बीच, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने रामचंदर राव को परियोजना क्षेत्र का दौरा करने और किसानों से मिलने से रोके जाने की पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंने फसलों को बचाने के लिए तुरंत सिंचाई का पानी छोड़ने की मांग की है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


