हैदराबाद, 23 मार्च (भाषा) कांग्रेस सरकार द्वारा अपने चुनावी वादों को पूरा करने में कथित विफलता के विरोध में विधानसभा का घेराव करने की कोशिश के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव और कई पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।
भाजपा ने एक विज्ञप्ति में कहा कि कांग्रेस लोगों से बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई थी। लेकिन पिछले दो वर्षों में तेलंगाना के लोगों को केवल धोखा, छल और विश्वासघात ही मिला। किसानों, महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और समाज के अन्य वर्गों से किए गए वादे काफी हद तक अधूरे रह गए हैं।
राव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मुझे तेलंगाना के लोगों के साथ कांग्रेस सरकार द्वारा अपने झूठे वादों के माध्यम से किए गए विश्वासघात, धोखे और छल के खिलाफ आवाज उठाने के लिए गिरफ्तार किया गया।’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने असहमति को कुचलने और विरोध को दबाने की कोशिश करके एक बार फिर अपनी अलोकतांत्रिक मानसिकता को उजागर कर दिया है।
भाजपा ने कहा कि राव की गिरफ्तारी कांग्रेस सरकार के अलोकतांत्रिक रवैये का एक और उदाहरण है। अपनी विफलताओं पर जनता को जवाब देने के बजाय सरकार उन लोगों के खिलाफ राज्य तंत्र का दुरुपयोग कर रही है जो जनता की ओर से आवाज उठा रहे हैं।
पार्टी ने कहा कि भाजपा ने तेलंगाना के लोगों के बढ़ते गुस्से और हताशा को दर्शाने के लिए ‘विधानसभा घेराव’ विरोध प्रदर्शन शुरू किया है।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश