तेलंगाना: कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया

Ads

तेलंगाना: कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 05:14 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 05:14 PM IST

हैदराबाद, 21 फरवरी (भाषा) तेलंगाना के कामारेड्डी कस्बे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक वेंकट रमना रेड्डी के कार्यालय के बाहर उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता नारे लगाते हुए जमा हो गए।

इससे पहले, भाजपा विधायक और तेलंगाना सरकार के सलाहकार मोहम्मद अली शब्बीर ने भूमि से जुड़े विवाद को लेकर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए थे।

रेड्डी ने कांग्रेस नेता को इस मुद्दे पर बहस के लिए चुनौती दी। हालांकि, पुलिस ने रेड्डी को बहस में भाग लेने से रोक दिया।

पुलिस द्वारा तितर-बितर करने के प्रयासों के बावजूद भाजपा और कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए।

हंगामे के दौरान एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और पलट गया।

भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा, “कामारेड्डी से भाजपा विधायक के. वेंकट रमना रेड्डी गारू के कैंप कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया हमला बेहद निंदनीय और चौंकाने वाला है।”

राव ने कहा, “लोकतंत्र में इस तरह की राजनीतिक हिंसा के लिये कोई जगह नहीं है।”

उन्होंने कहा कि वह भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होने और स्थिति का जायजा लेने के लिए स्वयं घटनास्थल का दौरा करेंगे।

कामारेड्डी के पुलिस अधीक्षक राजेश चंद्र ने संपर्क करने पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप