तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने अमेरिकी राजदूत से एच-1बी वीजा प्रक्रिया सरल बनाने का आग्रह किया

Ads

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने अमेरिकी राजदूत से एच-1बी वीजा प्रक्रिया सरल बनाने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 07:29 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 07:29 PM IST

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर से बुधवार को मुलाकात की और एच-1बी वीजा की प्रक्रिया, नवीनीकरण और स्टांपिंग को सरल बनाने का आग्रह किया ताकि देरी से बचा जा सके।

मुख्यमंत्री ने 30 मिनट की बैठक के दौरान उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका जाने वाले तेलंगाना के छात्रों के लिए वीजा की संख्या बढ़ाने और इसके लिए दूतावास में मुलाकात का समय तय कराने में सहायता का भी अनुरोध किया।

उन्होंने वीजा साक्षात्कार के लिए स्लॉट बढ़ाने और वीजा आवेदनों के निपटारे में तेजी लाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने साथ ही अमेरिकी राजदूत से वीजा नियमों में होने वाले किसी भी बदलाव की जानकारी पहले से उपलब्ध कराने की अपील भी की।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अमेरिका के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे तेलंगाना के पेशेवरों के सामने आने वाली समस्याओं को भी राजदूत के समक्ष रखा।

दोनों पक्षों ने अमेरिका में पढ़ाई कर रहे तेलंगाना के छात्रों की सुरक्षा और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।

अमेरिकी कंपनियों के लिए तेलंगाना में निवेश की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए रेवंत रेड्डी ने कहा कि राज्य सरकार सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), जीवन विज्ञान, औषधि, स्टार्टअप, अनुसंधान और आधुनिक प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में अमेरिकी कंपनियों के साथ साझेदारी के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने राजदूत सर्जियो गोर से अमेरिका के विश्वविद्यालयों और तेलंगाना के शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने में मदद करने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि अमेरिका और तेलंगाना के बीच छात्रों का आदान-प्रदान, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास कार्यक्रमों का विस्तार किया जाना चाहिए।

रेवंत रेड्डी ने शिक्षा, रोजगार, निवेश, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में तेलंगाना और अमेरिका के बीच सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

अमेरिकी राजदूत ने तेलंगाना और अमेरिका के बीच व्यापार, निवेश, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करने में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव

वैभव