तेलंगाना सरकार को गांधी सरोवर परियोजना के लिए रक्षा प्राधिकरणों से मंजूरी मिली

Ads

तेलंगाना सरकार को गांधी सरोवर परियोजना के लिए रक्षा प्राधिकरणों से मंजूरी मिली

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 09:15 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 09:15 PM IST

हैदराबाद, 19 जून (भाषा) तेलंगाना के हैदराबाद में बापू घाट पर गांधी सरोवर परियोजना को विकसित करने संबंधी कांग्रेस सरकार की योजना को गति मिली है, क्योंकि रक्षा प्राधिकरणों ने इस परियोजना के लिए कार्य अनुमति प्रदान कर दी है।

यह परियोजना सरकार के महत्वाकांक्षी मूसी नदी पुनरुद्धार कार्यक्रम का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा शुक्रवार को ‘एक्स’ पर साझा किये गये एक आदेश के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘मूसी रिवरफ्रंट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन’ (एमआरडीसी), हैदराबाद को बापू घाट को गांधी सरोवर परियोजना के रूप में विकसित करने के लिए कार्य अनुमति देने की मंजूरी प्रदान कर दी है।

यहां मूसी नदी के तट पर स्थित बापू घाट महात्मा गांधी को समर्पित एक स्मारक है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की अस्थियों का वर्ष 1948 में ईसा और मूसी नदियों के संगम पर विसर्जन किया गया था, जहां बाद में बापू घाट का निर्माण किया गया।

लगभग 533 करोड़ रुपये मूल्य की 83.814 एकड़ रक्षा भूमि पर कार्य करने की अनुमति दी गई है।

मुख्यमंत्री रेड्डी ने राज्य सरकार को महत्वाकांक्षी गांधी सरोवर परियोजना पर काम करने की अनुमति देने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय सेना का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मंजूरी तेलंगाना सरकार की मूसी नदी के व्यापक पुनरुद्धार और उसके नदी तट को लोगों के लिए एक जीवंत पारिस्थितिक, सांस्कृतिक तथा सार्वजनिक धरोहर में बदलने की परिकल्पना की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रक्षा मंत्रालय और भारतीय सेना द्वारा दिए गए समर्थन और सहयोग के लिए आभारी है।

रेड्डी ने पहले कहा था कि गांधी सरोवर परियोजना महात्मा गांधी के शांति, एकता, सतत विकास और सादगीपूर्ण जीवनशैली के आदर्शों को प्रतिबिंबित करेगी।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश