हैदराबाद, सात मार्च (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा है कि राज्य सरकार हैदराबाद के बाहरी इलाके में ‘‘दुनिया का सबसे बेहतरीन शहर’’ बनाएगी जिससे एलन मस्क जैसे शीर्ष कारोबारी यहां आएंगे।
रेड्डी ने शुक्रवार शाम यहां कोटवालगुडा में इको हिल पार्क का उद्घाटन किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) राज्य सरकार की विकास पहलों में बाधाएं खड़ी कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम दुनिया का सबसे बेहतरीन शहर बना रहे हैं। यह तो बस शुरुआत है। यहां जो विकास होगा, उसे देखकर एलन मस्क से लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तक, दुनिया का कोई भी व्यक्ति यहां आना चाहेगा… हम ट्रंप से जुड़ी व्यावसायिक संस्थाओं से यहां आने के बारे में बात कर रहे हैं।’’
रेड्डी ने कहा कि सरकार मूसी नदी कायाकल्प परियोजना के साथ ‘एलिवेटेड कॉरिडोर’ सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर का विकास करने की योजना बना रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव इस तरह व्यवहार कर रहे हैं मानो वह राज्य सरकार की हर विकास पहल में बाधाएं खड़ी करना चाहते हों।
भाषा सिम्मी सुरभि
सुरभि