तेलंगाना नगर निगम चुनाव: मतगणना 13 फरवरी को होगी

तेलंगाना नगर निगम चुनाव: मतगणना 13 फरवरी को होगी

तेलंगाना नगर निगम चुनाव: मतगणना 13 फरवरी को होगी
Modified Date: February 12, 2026 / 10:24 pm IST
Published Date: February 12, 2026 10:24 pm IST

हैदराबाद, 12 फरवरी (भाषा) तेलंगाना में 116 नगरपालिकाओं और सात नगर निगमों के लिए हुए चुनाव की मतगणना 13 फरवरी को होगी।

इस चुनाव के परिणाम सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की लोकप्रियता की परीक्षा है।

सूत्रों के अनुसार, मतगणना से पहले प्रमुख दलों ने अपने उम्मीदवारों को प्रतिद्वंद्वियों की कथित खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए अज्ञात स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को बताया कि राज्य भर के 123 केंद्रों पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी।

मतदान में मतपत्रों का उपयोग किया गया था, इसलिए मतगणना प्रक्रिया में समय लगने की संभावना है।

एसईसी ने एक बयान में कहा कि शांति और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतगणना केंद्रों के आसपास बीएनएसएस की धारा 163 (निषेधात्मक आदेश) लागू रहेगी।

राज्य की 116 नगरपालिकाओं और सात नगर निगमों के लिए 11 फरवरी को चुनाव हुआ था और इसमें 73 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेताओं राहुल गांधी तथा के सी वेणुगोपाल से मुलाकात की और उन्हें बताया कि कांग्रेस शहरी चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगी।

भाजपा नेता और केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस द्वारा सत्ता के कथित दुरुपयोग और धन वितरण के बावजूद भाजपा प्रभावशाली प्रदर्शन करेगी।

भाषा नोमान नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में