गुरुग्राम में विवाद के बाद थार चालक ने दोस्तों को ले जा रही कैब को टक्कर मारी

Ads

गुरुग्राम में विवाद के बाद थार चालक ने दोस्तों को ले जा रही कैब को टक्कर मारी

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 08:49 PM IST

गुरुग्राम, 19 सितंबर (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी महिंद्रा थार एसयूवी से अपने दो दोस्तों को लेकर जा रही कैब में कई बार टक्कर मारी जिससे कैब में बैठे लोग घबरा गए, लेकिन उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार देर रात हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद खेड़की दौला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चार युवक दिल्ली नंबर की थार से गुरुग्राम के सेक्टर 89 पहुंचे थे, जिनमें किसी बात को लेकर बहस हो गई। उन्होंने कहा कि इसके बाद दो युवक एसयूवी से उतर गए और घर लौटने के लिए ‘रैपिडो ऐप’ के जरिए कैब बुक की।

उन्होंने बताया कि जब कैब आई और दोनों व्यक्ति उसमें सवार हुए, तो थार चला रहा उनका साथी कथित तौर पर गुस्से में आ गया और अपनी एसयूवी से कैब को टक्कर मारने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि कैब चालक ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार वाहन को टक्कर मारता रहा।

पुलिस ने बताया कि टक्कर के कारण कैब के आगे के दोनों एयरबैग खुल गए और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसने कहा कि कैब चालक और दोनों यात्रियों को गंभीर चोट नहीं आई।

राहगीरों और स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पुलिस के अनुसार, बाद में कैब चालक ने खेड़की दौला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी चालक और उसका साथी वहां से फरार हो चुके थे।

इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘अब तक की जांच में पता चला है कि घटना में इस्तेमाल थार दिल्ली में पंजीकृत है। उसके पंजीकरण नंबर के आधार पर हम वाहन मालिक और आरोपी युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल