गुजरात विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा

Ads

गुजरात विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 06:48 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 06:48 PM IST

अहमदाबाद, 15 फरवरी (भाषा) गुजरात विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा और वित्त मंत्री कनुभाई देसाई 17 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, 23 दिन के बजट सत्र में कुल 26 बैठकें होंगी और यह 25 मार्च को समाप्त होगा।

पंद्रहवीं विधानसभा का यह आठवां सत्र राज्यपाल आचार्य देवव्रत के पारंपरिक अभिभाषण के साथ शुरू होगा। हाल ही में दिवंगत हुए राज्य के नेताओं के लिए शोक प्रस्ताव भी पहले दिन ही पेश किया जाएगा।

सत्र के पहले दिन सदन में नये उपाध्यक्ष का चुनाव भी होगा। भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी और कांग्रेस विधायक शैलेश परमार ने इस पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

राज्यपाल के अभिभाषण के बाद मतदान कराया जाएगा। निवर्तमान उपाध्यक्ष जेठाभाई भारवाड ने पिछले साल दिसंबर में “व्यस्त कार्यक्रम” का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 162 विधायक होने के कारण सूरत से विधायक पूर्णेश मोदी की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

भाषा जोहेब पारुल

पारुल