दक्षिण कोरिया पर जीत से मैक्सिको नॉकआउट में पहुंचने वाला पहला देश बना

Ads

दक्षिण कोरिया पर जीत से मैक्सिको नॉकआउट में पहुंचने वाला पहला देश बना

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 09:39 AM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 09:39 AM IST

गुआडालाजारा (मैक्सिको), 19 जून (एपी) लुइस रोमो ने दक्षिण कोरिया की रक्षात्मक चूक का फायदा उठाते हुए गोल दागा जिससे सह मेजबान मैक्सिको 1-0 से जीत हासिल करके मौजूदा विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई।

मैच जब गोलरहित बराबरी पर चल रहा था तब खेल के 58वें मिनट में दक्षिण कोरिया के गोलकीपर किम सेउंग-ग्यू और डिफेंडर ली गी-ह्युक के बीच टक्कर होने से गेंद पेनल्टी एरिया के अंदर छूट गई। रोमो के पास यह सुनहरा मौका था और उन्होंने गेंद को आसानी से खाली नेट में डालकर गोल कर दिया जो बाद में निर्णायक साबित हुआ।

यह उस टीम के लिए एक बड़ी जीत है जो 2022 में ग्रुप चरण में जीत हासिल करने में नाकाम रही थी और अब उसने घरेलू मैदान पर उत्साहित दर्शकों के सामने दो बार जीत हासिल की है। मैक्सिको के खिलाड़ियों ने मैदान पर जश्न मनाया जबकि दर्शक एस्टाडियो एक्रोन के खचाखच भरे स्टेडियम में जयकारे लगा रहे और गीत गा रहे। खिलाड़ियों ने प्रशंसकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

दक्षिण कोरिया ने 87वें मिनट में लगभग बराबरी कर ली थी लेकिन मैक्सिको के गोलकीपर राउल रेंगल ने दो शानदार बचाव करके खतरे को टाल दिया था।

उन्होंने पहले चो ग्वे-सुंग के करीब से किए गए हेडर को रोका और फिर रिबाउंड पर यांग ह्यून-जून के प्रयास को और भी बेहतर तरीके से नाकाम किया।

मैक्सिको के कोच जेवियर अगुइरे ने कहा, ‘‘हम बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। भले ही यह मैच आकर्षक नहीं था लेकिन मुझे लगता है कि दक्षिण कोरिया ने हमें खास मौके नहीं दिए। इसके बावजूद हम उनकी गलती का फायदा उठाने में सफल रहे।’’

मैक्सिको ने दो मैचों में छह अंक हासिल करके ग्रुप ए में शीर्ष पर अपनी जगह सुनिश्चित की। वह अब दक्षिण कोरिया से तीन अंक तथा चेक गणराज्य और दक्षिण अफ्रीका से पांच अंक आगे हो गया है। चेक गणराज्य और दक्षिण अफ्रीका ने इससे पहले अटलांटा में अपना मैच 1-1 से ड्रॉ खेला था।

प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ आठ टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी। टूर्नामेंट में टीमों की संख्या बढ़ाकर 48 कर दिए जाने के बाद विश्व कप में पहली बार राउंड ऑफ 32 खेला जाएगा।

मैक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका पर 2-0 की जीत के साथ शुरुआत की थी, जबकि दक्षिण कोरिया ने चेक गणराज्य को 2-1 से हराया था।

मैक्सिको बुधवार को मैक्सिको सिटी में चेक गणराज्य के खिलाफ ग्रुप चरण का अपना आखिरी मैच खेलेगा, जबकि दक्षिण कोरिया मॉन्टेरी में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा।

मैक्सिको ने इससे पहले मैक्सिको सिटी के बाहर अपने घरेलू मैदान पर कभी भी विश्व कप का कोई मैच नहीं जीता था। मौजूदा विश्व कप से पहले 1970 और 1986 के टूर्नामेंटों में खेले गए उसके नौ घरेलू विश्व कप मैचों में से एक को छोड़कर बाकी सभी मैच मैक्सिको सिटी के एस्टाडियो एज़्टेका स्टेडियम में खेले गए थे, जिनमें से उसे पांच में जीत मिली थी जबकि तीन मैच ड्रॉ रहे थे।

मैच नीरस शुरुआत के साथ शुरू हुआ, जिसमें दोनों टीमों में से किसी ने भी गोल करने के मौके नहीं बनाए और हाफ टाइम की सीटी बजने के बाद दोनों टीमों को हूटिंग का सामना करना पड़ा।

विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर काबिज मैक्सिको चार साल पहले कतर में ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया था। इससे पहले वह लगातार सात बार राउंड ऑफ 16 से आगे नहीं बढ़ पाया था।

दक्षिण कोरिया के स्टार खिलाड़ी सोन ह्युंग-मिन ने फिर से निराशाजनक प्रदर्शन किया और उन्हें 57वें मिनट में सब्स्टीट्यूट कर दिया गया।

विश्व रैंकिंग में 22वें स्थान पर काबिज दक्षिण कोरिया लगातार 11वीं बार और कुल मिलाकर 12वीं बार विश्व कप में हिस्सा ले रहा है।

दक्षिण कोरिया के कोच हांग म्युंग-बो ने कहा, “हमने जो गलती की वह दुर्भाग्यपूर्ण थी।’’

एपी

पंत

पंत