(Petrol Diesel Price 19 June 2026/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: Petrol Diesel Price 19 June 2026 in India: आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों (Crude Oil Prices) में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। हालांकि, पश्चिम एशिया में हाल ही में हुए तनाव के कारण तेल की सप्लाई को लेकर चिंता अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। इसी बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले जहाजों पर टोल टैक्स लगाने के संकेत दिए हैं। जिससे तेल के परिवहन की लागत बढ़ने की आशंका पैदा हो गई है।
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के बाद हालात सामान्य होने की उम्मीद थी। लेकिन ईरान के नए कदम ने तेल बाजार में नई चिंता पैदा कर दी है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। यदि यहां टोल वसूला जाता है तो तेल लेकर आने वाले जहाजों का खर्च बढ़ जाएगा। जिसका असर वैश्विक बाजार पर भी पड़ सकता है।
इन चिंताओं के बावजूद शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमतों (Crude Oil Price) में नरमी दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड का भाव 1.33 प्रतिशत गिरकर 78.79 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75.03 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखाई दिया। इससे आने वाले दिनों में तेल बाजार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अब सबसे अच्छी बात यह है कि भारत में आज शुक्रवार 19 जून 2026 को पेट्रोल और डीजल की कीमतों (Petrol Diesel Price Today) में कोई बदलाव नहीं किया गया। सरकारी तेल कंपनियों ने पुराने रेट ही जारी रखे हैं। देश के सभी प्रमुख शहरों में ईंधन की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। इससे आम लोगों को फिलहाल महंगाई का नया झटका नहीं लगा है। देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत (Petrol Price Today) 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल (Diesel Price Today) 95.20 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है। जबकि मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है।
| शहर | पेट्रोल का भाव (₹/लीटर) | डीजल का भाव (₹/लीटर) |
| दिल्ली | 102.12 | 95.2 |
| कोलकाता | 113.51 | 99.82 |
| मुंबई | 111.21 | 97.83 |
| चेन्नई | 107.77 | 99.55 |
| नोएडा | 102.12 | 97.56 |
| चंडीगढ़ | 101.51 | 89.47 |
| लखनऊ | 101.89 | 95.36 |
| भोपाल | 114.57 | 99.64 |
| पटना | 113.37 | 99.36 |
| रांची | 105.26 | 100.49 |
हालांकि, पिछले महीने उपभोक्ताओं को पेट्रोल-डीजल (Petrol Diesel Price)की बढ़ी हुई कीमतों का सामना करना पड़ा था। मई 2026 में विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद 11 दिनों के भीतर चार बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए थे। 15 मई से शुरू हुई बढ़ोतरी के बाद 25 मई तक पेट्रोल और डीजल दोनों कई रुपये महंगे हो गए थे। इसके बाद से कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हाल के महीनों में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों (Crude Oil Price) का असर अभी भी तेल कंपनियों पर बना हुआ है। अनुमान है कि सरकारी तेल कंपनियों को पेट्रोल, डीजल, जेट फ्यूल और एलपीजी की बिक्री पर प्रतिदिन करीब 750 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके बावजूद कंपनियों ने फिलहाल आम जनता को राहत देते हुए ईंधन की कीमतों को स्थिर रखा है।