अटलांटा, 19 जून (एपी) तेबोहो मोकोएना ने आखिरी क्षणों में पेनल्टी को गोल में बदलकर न सिर्फ दक्षिण अफ्रीका को हार से बचाया बल्कि चेक गणराज्य के खिलाफ मैच 1-1 से ड्रॉ कराकर विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप ए में उसे एक महत्वपूर्ण अंक भी दिलाया।
मोकोएना ने मैच में आंखों में आंसू लिए खेल शुरू किया और चेहरे पर मुस्कान के साथ खेल समाप्त किया।
मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में छठे मिनट में मिखाल सादिलेक ने चेक गणराज्य को बढ़त दिलाई। अलेक्जेंडर सोज्का ने सादिलेक को पास दिया और उन्होंने गोलकीपर रोनवेन विलियम्स को चकमा देते हुए गोल दाग दिया।
चेक गणराज्य जब जीत की तरफ बढ़ रहा था तब थापेलो मासेको का लंबी दूरी का शॉट पेनल्टी एरिया में चेक प्रतिद्वंद्वी पावेल सुल्क के हाथ को स्पर्श कर गया।
मैच से पहले राष्ट्रगान के दौरान आंसू बहाते हुए दिखाई देने वाले मोकोएना ने 83वें मिनट में पेनल्टी स्पॉट पर कदम रखा और चेक गणराज्य के गोलकीपर मातेज कोवर के पास निचले हिस्से में शॉट मारकर गोल कर दिया।
दक्षिण अफ्रीका के इस मिडफील्डर ने बाद में कहा कि मैच शुरू होने से पहले वह अपने दिवंगत दादाजी के बारे में सोचकर भावुक हो गए थे।
मोकोएना ने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि वह जहां भी हैं, मुझ पर गर्व कर रहे होंगे। मुझे उस पल उनकी उपस्थिति का अहसास हुआ। मैंने सोचा कि अगर वह यहां होते, तो मुझ पर गर्व करते क्योंकि मुझे पता है कि जब कोई मुझ पर विश्वास नहीं करता था, तब उन्होंने मुझ पर विश्वास किया था।’’
इन दोनों टीमों को अपने शुरुआती मैच में हार का सामना करना पड़ा था और दोनों को पता था कि एक और हार से उनके राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की संभावनाओं को गहरा झटका लग सकता है।
दक्षिण अफ्रीका के कोच ह्यूगो ब्रूस ने कहा, ‘‘अगर हम इसी तरह खेलते रहे और आज जैसा प्रदर्शन दोहरा सकें तो मुझे लगता है कि हमारे पास अगले दौर में पहुंचने का मौका है।’’
दक्षिण अफ्रीका का अगला मुकाबला बुधवार को ग्रुप ए में दक्षिण कोरिया से होगा, लेकिन मोकोएना इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। टूर्नामेंट में अपना दूसरा पीला कार्ड मिलने कारण उन्हें एक मैच का निलंबन झेलना होगा।
चेक गणराज्य अपने पहले मैच में दक्षिण कोरिया से 2-1 से हार गया और अगले राउंड में पहुंचने के लिए उसे बुधवार को अपने अंतिम मैच में मैक्सिको को हराना होगा।
एपी
पंत
पंत