चंडीगढ़, 13 जून (भाषा) पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शनिवार को दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और पार्टी अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।
वडिंग ने एक बयान में कहा कि ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल भगवंत मान के दोबारा मुख्यमंत्री बनने का ‘ख्याली पुलाव पका’’ रहे हैं, लेकिन पंजाब की जनता इस सरकार से तंग आ चुकी है और इससे छुटकारा चाहती है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझसे लिखकर ले लो… सरकार बनाना तो दूर, इस बार आप दहाई का आंकड़ा भी नहीं छुएगी और शायद उसे इन चुनावों में उतारने के लिए पर्याप्त उम्मीदवार भी नहीं मिलेंगे। उसके आधे से अधिक विधायक बस सही वक्त का इंतज़ार कर रहे हैं कि कब डूबते जहाज से कूदें।’’
उन्होंने कहा कि अगर ‘आप’ नेतृत्व को लगता है कि वह पंजाब की जनता को एक बार फिर बेवकूफ बना सकती है तो वह गलतफहमी में है।
भाषा खारी रंजन
रंजन