फतेहपुर में मकान में धमाके से झुलसे एक युवक की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हुई

फतेहपुर में मकान में धमाके से झुलसे एक युवक की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हुई

फतेहपुर में मकान में धमाके से झुलसे एक युवक की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हुई
Modified Date: September 29, 2026 / 03:35 pm IST
Published Date: September 29, 2026 3:35 pm IST

कानपुर (उप्र), 29 सितंबर (भाषा) फतेहपुर जिले में एक मकान में हुए धमाके में मंगलवार तड़के गंभीर रूप से झुलस गए एक युवक की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। युवक ने मलवां मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मलवां कस्बे में धमाके में दो मंजिला मकान ध्वस्त हो गया जिसमें दो लोग घायल भी हुए और पड़ोस के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा।

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि धमाके में गंभीर रूप से घायल आलोक गुप्ता (25) ने मंगलवार तड़के दम तोड़ दिया।

एसपी ने बताया कि इसके पहले सोमवार को चार लोगों कुणाल गुप्ता (18), अर्पित गुप्ता (15), वेद गुप्ता (8) और यश गुप्ता (4) की उपचार के दौरान मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में धमाका रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडरों के कारण होने की बात सामने आई है।

उन्होंने बताया कि जांच में यह भी संकेत मिला है कि घर के अंदर रखी सौर ऊर्जा प्रणाली में इस्तेमाल होने वाली बैटरियों में भी धमाका हुआ, जिससे घटना का असर बढ़ गया।

पुलिस के मुताबिक, धमाका सोमवार शाम करीब पांच बजे उस समय हुआ, जब फल-सब्जी विक्रेता सुरेश गुप्ता के घर में खाना बनाया जा रहा था। प्रारंभिक निष्कर्षों के अनुसार गैस रिसाव से आग लगी और फिर धमाका हुआ। मलबे से सात लोगों को निकालकर अस्पताल ले जाया गया था।

पुलिस ने बताया कि सुरेश गुप्ता (50) और उनका सात वर्षीय भतीजा ओम भी घायल हुए हैं, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

तेज धमाके से गुप्ता का घर और दो सटे हुए ढांचे ढह गए, जबकि आसपास के कई अन्य मकान क्षतिग्रस्त हो गए। गली संकरी होने से दमकल और भारी बचाव वाहनों को मौके तक पहुंचने में कठिनाई हुई।

पुलिस और दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से प्रारंभिक बचाव अभियान चलाया, बाद में लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम भी अभियान में शामिल हुई। मलबे तक पहुंच बनाने के लिए आसपास की संपत्तियों के हिस्सों को हटाने के बाद भारी मशीनरी मंगाई गई।

एसपी ने कहा कि धमाके के सटीक कारण और क्रम की जांच की जा रही है।

भाषा सं आनन्द प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में