निर्वाचन आयोग चार मई को मतगणना केंद्रों में प्रवेश के लिए क्यूआर आधारित फोटो पहचान पत्र जारी करेगा

Ads

निर्वाचन आयोग चार मई को मतगणना केंद्रों में प्रवेश के लिए क्यूआर आधारित फोटो पहचान पत्र जारी करेगा

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 07:28 PM IST

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) पांच विधानसभाओं और पांच अन्य विधानसभाओं की सात सीट पर हाल में संपन्न उपचुनाव के लिए चार मई को मतों की गिनती होगी और मतगणना केंद्रों में अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश की संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग ने क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र व्यवस्था की शुरुआत की है।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि यह व्यवस्था चार मई को पांच विधानसभाओं के लिए मतगणना के साथ प्रभावी होगी। यह व्यवस्था भविष्य के सभी लोकसभा, विधानसभा और उपचुनावों में एक मानक प्रक्रिया होगी।

असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में इस महीने की शुरुआत में विधानसभा चुनाव हुए थे और मतों की गिनती चार मई को होगी।

आयोग के मुताबिक मतगणना केंद्रों पर पहचान सत्यापन के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। पहले और दूसरे स्तर पर, संबंधित निर्वाचन अधिकारियों द्वारा जारी किए गए फोटो पहचान पत्रों की व्यक्तिगत रूप से जांच की जाएगी।

मतगणना कक्ष के पास स्थित तीसरे और सबसे भीतरी सुरक्षा घेरे में, क्यूआर कोड की सफल ‘स्कैनिंग’ के बाद ही कर्मी को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

क्यूआर आधारित पहचान पत्र मतगणना केंद्रों के भीतर प्रवेश करने की अनुमति प्राप्त सभी श्रेणियों के अधिकृत कर्मियों को जारी किए जाएंगे, जिनमें चुनाव अधिकारी, सहायक चुनाव अधिकारी, मतगणना कर्मचारी, तकनीकी कर्मी, उम्मीदवार, चुनाव एजेंट और मतगणना एजेंट शामिल हैं।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि मौजूदा निर्देशों के अनुसार उसके द्वारा जारी किए गए प्राधिकार पत्रों के आधार पर मीडियाकर्मियों को प्रवेश की अनुमति जारी रहेगी। लोकसभा चुनाव-2024में उस समय विवाद पैदा हो गया जब मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट पर मतगणना के दौरान एक उम्मीदवार के सहयोगी द्वारा एक ‘‘अधिकृत व्यक्ति’’ के मोबाइल फोन का ‘‘अनाधिकृत रूप से’’ उपयोग किया गया।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश