सर्विकल कैंसर की रोकथाम के लिए प्रथम स्वदेश विकसित टीका बृहस्पतिवार को किया जाएगा जारी

Ads

सर्विकल कैंसर की रोकथाम के लिए प्रथम स्वदेश विकसित टीका बृहस्पतिवार को किया जाएगा जारी

  •  
  • Publish Date - August 31, 2022 / 06:46 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:02 PM IST

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) गर्भाशय ग्रीवा (सर्विकल) कैंसर की रोकथाम के लिए भारत का प्रथम स्वदेश विकसित ‘क्वैड्रीवैलेंट’ ह्यूमन पेपीलोमा वायरस (एचपीवी) टीका यहां बृहस्पतिवार को जारी किया जाएगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि ‘एचपीवी’ यौन संबंधों के कारण संचारित होने वाला सबसे सामान्य संक्रमण है। वहीं ‘क्वैड्रीवैलेंट’ टीका चार अलग-अलग वायरस या अन्य सूक्ष्म जीवों जैसे चार विभिन्न एंटीजन के खिलाफ प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को उत्प्रेरित कर कार्य करता है।

भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने पिछले महीने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) को सर्विकल कैंसर रोधी स्वदेश विकसित टीके के उत्पादन के लिए बाजार मंजूरी दी थी।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह यह टीका आईआईसी दिल्ली में जारी करेंगे। एसआईआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अदार पूनावाला भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

अधिकारियों के मुताबिक, क्वैड्रीवैलेंट एचपीवी टीका सेरवावैक ने एचपीवी के सभी लक्षित प्रकारों के खिलाफ निर्धारित किये गये आधार से करीब 1,000 गुना अधिक एंटीबॉडी प्रतिक्रिया प्रदर्शित की।

भारत में सर्विकल कैंसर 15 से 44 वर्ष के आयु वर्ग की महिलाओं में दूसरा सर्वाधिक संख्या में पाया जाने वाला कैंसर है।

भाषा सुभाष माधव

माधव