नयी दिल्ली, 26 जनवरी (भाषा) दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.6 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
राजधानी में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 1.2 डिग्री कम है। दिन के समय आर्द्रता का स्तर 72 से 53 प्रतिशत के बीच रहा।
मौसम विभाग ने सोमवार को धुंध छाए रहने का अनुमान जताया है, तथा अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 216 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप