प्रधान को हटाना ही सबसे सख्त कार्रवाई होगी: कॉजपा; राहुल ने भी साधा प्रधानमंत्री पर निशाना

प्रधान को हटाना ही सबसे सख्त कार्रवाई होगी: कॉजपा; राहुल ने भी साधा प्रधानमंत्री पर निशाना

प्रधान को हटाना ही सबसे सख्त कार्रवाई होगी: कॉजपा; राहुल ने भी साधा प्रधानमंत्री पर निशाना
Modified Date: July 24, 2026 / 08:55 am IST
Published Date: July 24, 2026 8:55 am IST

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाला विधेयक संसद में पेश किए जाने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन पर निशाना साधते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग की।

कॉजपा ने बृहस्पतिवार को कहा कि परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ सरकार की ओर से उठाया जाने वाला ‘‘सबसे कड़ा कदम’’ प्रधान को पद से हटाना होगा।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘मोदी जी, कल धर्मेंद्र प्रधान को हटा दीजिए। यह आपके द्वारा की जा सकने वाली सबसे सख्त कार्रवाई होगी।’’

कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी प्रधानमंत्री की घोषणा पर कटाक्ष किया।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें एक व्यक्ति बिना चारदीवारी वाले परिसर का प्रवेश द्वार बंद करता नजर आ रहा है। इस तस्वीर को प्रस्तावित कानून पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।

इससे पहले, नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार से आश्वासन मिलने के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया जिसके बाद कॉजपा ने कहा कि उसे वांगचुक द्वारा 26 दिन से जारी अनशन समाप्त करने से ‘‘राहत और खुशी’’ हुई है, लेकिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर उनका शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते।

इस बीच, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने करीब आधी रात जारी प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश में प्रधान के इस्तीफे की मांग की अनदेखी किए जाने को लेकर उनकी आलोचना की।

गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री को विद्यार्थियों की समझदारी का अपमान नहीं करना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘मान्यवर मोदी जी, हमारे विद्यार्थी (शिक्षा मंत्री) धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। आधी रात को जारी इस निरर्थक वीडियो से उनकी समझदारी का अपमान न करें। तीन काम कीजिए-पहला, प्रधान को हटाइए; दूसरा, विद्यार्थियों की पिटाई करने वालों को सजा दीजिए और तीसरा, माफी मांगिए।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा था कि केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद, प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ कड़े प्रावधान वाला विधेयक अगले सप्ताह संसद में पेश किया जाएगा।

उन्होंने कहा था कि शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में विधेयक के मसौदे पर चर्चा कर उसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

मोदी ने यह भी कहा था कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक के आरोप सामने आने के बाद सरकार ने त्वरित अदालतों की व्यवस्था समेत कई कदम उठाए हैं और मामले में जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

भाषा

सिम्मी गोला

गोला


लेखक के बारे में