नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) यात्रियों के लिए शुरू की गई लाइव संगीत पहल ‘नमो भारत अनप्लग्ड’ का विस्तार मेरठ तक कर दिया गया है। इसके तीसरे सीजन की शुरुआत शुक्रवार को बेगमपुल नमो भारत स्टेशन से हुई। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने यह जानकारी दी।
निगम ने कहा कि हर शुक्रवार शाम पांच बजे से छह बजे तक इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
एनसीआरटीसी ने कहा कि पहले गाजियाबाद और आनंद विहार स्टेशनों पर आयोजित की गई इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को उनके दैनिक सफर के दौरान लाइव संगीत और सुकून के पल प्रदान करना है।
निगम ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम में ‘मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी’ (एमआईईटी) के बैंड ‘स्वरंग’ और युवा कलाकार अंशुमन द्विवेदी ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों को यात्रियों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली और कई लोग साथ में गाते एवं थिरकते नजर आए।
एनसीआरटीसी के अनुसार, पहले दो सीजन को मिली जबरदस्त सफलता और जनता की बढ़ती मांग को देखते हुए इस पहल का विस्तार मेरठ तक किया गया है।
इसका पहला सीजन 2024 में गाजियाबाद स्टेशन पर और दूसरा सीजन 2025 में आनंद बिहार स्टेशन पर आयोजित किया गया था।
भाषा सुमित राजकुमार
राजकुमार