अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो समेत कई वाहनों को टक्कर मारी; एक की मौत, सात घायल

अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो समेत कई वाहनों को टक्कर मारी; एक की मौत, सात घायल

अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो समेत कई वाहनों को टक्कर मारी; एक की मौत, सात घायल
Modified Date: July 16, 2026 / 07:24 pm IST
Published Date: July 16, 2026 7:24 pm IST

गुना, 16 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के गुना जिले के राघौगढ़ थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह एक अनियंत्रित ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

राघौगढ़ थाना प्रभारी अजय जाट ने बताया कि हादसा सुबह साडा कॉलोनी पुल के पास हुआ। उन्होंने बताया कि राजस्थान में पंजीकृत ट्रक पहले एक ट्रैक्टर से टकराया और उसके बाद आगे जाकर बोलेरो समेत अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।

जाट के मुताबिक, बोलेरो में मजदूरी के लिए राजस्थान के बारां जिले जा रहे श्रमिक सवार थे, जिनमें से ईशाटोड़ा निवासी पहलवान सहरिया (27) की मौके पर ही मौत हो गई।

जाट ने बताया कि हादसे में अजय, अरविंद, कल्ला, रोहित, इदरिश, विशाल और बोलेरो चालक मिथुन सहरिया घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दो घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य का इलाज राघौगढ़ के स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है।

जाट के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि, उन्होंने बताया कि पुलिस ने बाद में ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।

जाट ने बताया कि मिथुन सहरिया और नारायण सहरिया की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक धरनावदा की ओर से आ रहा था और तेज रफ्तार तथा लापरवाही से वाहन चलाए जाने के कारण यह हादसा हुआ।

उसने कहा कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा

सं दिमो पारुल

पारुल


लेखक के बारे में